चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख थलापति विजय आज सुबह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। लगभग 59 वर्षों बाद राज्य की सत्ता DMK और AIADMK से बाहर किसी नेता के हाथों में जाएगी।
TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर तमिलनाडु की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन से विजय सरकार बनाने में सफल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार उनके पास फिलहाल 120 विधायकों का समर्थन है, जबकि विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है।
13 मई तक साबित करना होगा बहुमत
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है। राजभवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि, विजय ने सहयोगी दलों के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंप दिए हैं।
राजनीति में नई सोच के साथ आए विजय
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय ने राजनीति में प्रवेश के बाद खुद को पारंपरिक द्रविड़ राजनीति के विकल्प के रूप में पेश किया। अपने पहले बड़े राजनीतिक भाषण में उन्होंने पेरियार, अन्नादुरई, के. कामराज और डॉ. भीमराव अंबेडकर को अपनी विचारधारा का प्रेरणा स्रोत बताया था।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, युवा मतदाताओं और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर विजय की सक्रियता ने उन्हें जनता के बीच तेजी से लोकप्रिय बनाया।
कांग्रेस ने कहा- नई उम्मीद की शुरुआत
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने विजय को बधाई देते हुए कहा कि, तमिलनाडु अब बदलाव और नई उम्मीद की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय के नेतृत्व में राज्य को पारदर्शी और जनहितकारी शासन मिलेगा।
विपक्ष ने उठाए सवाल
वहीं DMK नेता TKS एलंगोवन ने विजय के सरकार गठन पर सवाल उठाते हुए कहा कि, उन्हें पहले सभी दलों का स्पष्ट समर्थन सुनिश्चित करना चाहिए था। इधर विजय के पिता और फिल्म निर्देशक एसए चंद्रशेखर ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि “तमिल जनता ने विजय के माध्यम से नई जीत हासिल की है।”
पूरे देश की नजर विश्वास मत पर
अब सबसे बड़ी चुनौती 13 मई 2026 को विधानसभा में होने वाला विश्वास मत होगा। यदि विजय बहुमत साबित करने में सफल रहते हैं, तो इसे तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत माना जाएगा।
UP में बड़ा सियासी फेरबदल: आज होगा योगी कैबिनेट विस्तार, 6 नए चेहरों की होगी एंट्री
कुम्हारी टोल टैक्स के पास कोयले से भरे ट्रक में लगी आग, दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू
दौड़ती सिटी बस बनी आग का गोला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल,
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft