रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित VIP चौक के पास शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती सिटी बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ns लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। घटना जब्बार नाला के समीप की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद अचानक आग भड़क गई। चालक और स्थानीय लोगों की सतर्कता से यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
बस में नहीं था फायर सेफ्टी सिस्टम
हादसे के बाद सिटी बस सेवा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, निजी एजेंसी द्वारा संचालित इस बस में आग बुझाने के लिए कोई अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) मौजूद नहीं था। सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों की इस अनदेखी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि, यदि बस यात्रियों से भरी होती, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। बिना सुरक्षा उपकरणों के बस संचालन को यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ माना जा रहा है।
दमकल पहुंचने में हुई देरी, बस जलकर खाक
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड मौके पर देरी से पहुंची। इसी दौरान आग ने पूरी बस को अपनी गिरफ्त में ले लिया और लाखों रुपए की बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
फिलहाल पंडरी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, वहीं बस संचालन करने वाली एजेंसी की लापरवाही को लेकर भी जांच की बात कही जा रही है।
कसडोल में 8 संदिग्ध मौतों पर सियासत गरम, विधायक संदीप साहू ने CBI/SIT जांच की उठाई मांग
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft