साबरकांठा (गुजरात)/लखनऊ। भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रसिद्ध गुजरात के साबरकांठा जिले की ईडर तहसील स्थित श्री याज्ञवल्क्य वेद संस्कृत महाविद्यालय, मोडेठी में नई पीढ़ी के संस्थापक एवं प्लास्टिक्स टुडे के संपादक शिवेंद्र प्रकाश द्विवेदी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए विशेष वैदिक प्रार्थना का आयोजन किया गया।
संजीवनी मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का पाठ
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में आचार्यों और विद्यार्थियों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सामूहिक रूप से संजीवनी मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का पाठ किया। मंत्रोच्चार के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने भगवान से प्रार्थना की कि शिवेंद्र प्रकाश द्विवेदी जल्द से जल्द पूर्णतः स्वस्थ हों और समाज, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा तथा युवा जागरण के क्षेत्र में अपने प्रेरणादायी कार्यों को पहले की तरह निरंतर आगे बढ़ाते रहें।
कार्यक्रम में शामिल आचार्यों ने कहा कि, वैदिक परंपरा में सामूहिक प्रार्थना, यज्ञ, मंत्र-जप और सकारात्मक संकल्प को अत्यंत प्रभावशाली माना गया है। उन्होंने बताया कि जब बड़ी संख्या में लोग किसी व्यक्ति के कल्याण के लिए एक साथ प्रार्थना करते हैं तो उससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जो मानसिक और आध्यात्मिक रूप से शक्ति प्रदान करता है।
विद्यार्थियों ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
महाविद्यालय परिवार ने शिवेंद्र प्रकाश द्विवेदी के स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनजागरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य प्रेरणादायी हैं। विद्यार्थियों ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
महाविद्यालय परिसर में आध्यात्मिक वातावरण
इस अवसर पर पूरे महाविद्यालय परिसर में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रों की गूंज और सामूहिक प्रार्थना ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। उपस्थित लोगों ने भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा को भी याद किया, जिसमें किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य, सुख और कल्याण के लिए सामूहिक रूप से ईश्वर का स्मरण कर मंगलकामना की जाती है।
यह आयोजन न केवल शिवेंद्र प्रकाश द्विवेदी के स्वास्थ्य लाभ की कामना का माध्यम बना, बल्कि भारतीय वैदिक संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सामूहिक सद्भाव की भावना का भी सशक्त संदेश देकर गया।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft