Friday ,June 12, 2026
होमदेश-दुनियामूल्यों की पत्रकारिता के प्रहरी शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी गंभीर रूप से बीमार, RML लखनऊ में भर्ती, देशभर से उठीं दुआएं...

मूल्यों की पत्रकारिता के प्रहरी शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी गंभीर रूप से बीमार, RML लखनऊ में भर्ती, देशभर से उठीं दुआएं

 Newsbaji  |  Jun 12, 2026 08:34 AM  | 
Last Updated : Jun 12, 2026 08:38 AM
वरिष्ठ पत्रकार शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी अस्वस्थ, RML लखनऊ में चल रहा उपचार
वरिष्ठ पत्रकार शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी अस्वस्थ, RML लखनऊ में चल रहा उपचार

लखनऊ। पत्रकारिता को मिशन मानकर लगभग तीन दशकों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नई पीढ़ी समूह के संस्थापक शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी इन दिनों गंभीर रूप से अस्वस्थ हैं और उनका उपचार डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RML), लखनऊ के इमरजेंसी विभाग में चल रहा है। उनके अस्वस्थ होने की खबर फैलते ही देशभर के पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई है।

स्ट्रेचर पर करना पड़ा इंतजार

जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को संक्रमण और तेज बुखार की शिकायत के बाद उन्होंने वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। करीब दो लाख रुपए खर्च होने के बावजूद स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद 9 जून को उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। बताया जा रहा कि, RML पहुंचने के बाद भी उन्हें कुछ समय तक गंभीर अवस्था में स्ट्रेचर पर इंतजार करना पड़ा। इसी दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल एवं उनकी टीम के हस्तक्षेप और तत्परता से उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकीं।

29 वर्षों की बेदाग पत्रकारिता, लेकिन कभी नहीं किया सत्ता का गुणगान
वर्ष 1997 में प्रयागराज के प्रतिष्ठित दैनिक अमृत प्रभात के सम्पादकीय विभाग से पत्रकारिता शुरू करने वाले शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी उन विरले पत्रकारों में गिने जाते हैं जिन्होंने पत्रकारिता को कभी व्यवसाय नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व माना। बदलते दौर में जहां पत्रकारिता पर बाजारवाद और सत्ता समीकरणों का प्रभाव बढ़ता गया, वहीं शिवेन्द्र द्विवेदी ने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

करीब तीन दशक के अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने न तो चाटुकारिता का रास्ता अपनाया और न ही दरबारी पत्रकारिता को स्वीकार किया। यहां तक कि सरकारी विज्ञापनों और सुविधाओं की दौड़ से भी वे दूर रहे। उनके करीबी बताते हैं कि, उन्होंने आज तक अपना आयुष्मान कार्ड तक नहीं बनवाया और कभी किसी सरकारी मान्यता या विशेष सुविधा के लिए प्रयास नहीं किया।

21 वर्ष की उम्र में शुरू की थी ‘मधुर सौगात’
मात्र 21 वर्ष की आयु में वर्ष 1999 में इलाहाबाद (प्रयागराज) से सामाजिक पत्रिका ‘मधुर सौगात’ का प्रकाशन एवं संपादन शुरू कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। लगभग एक दशक तक यह पत्रिका साहित्य, समाज और वैचारिक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच बनी रही। इसके पाठकों और प्रशंसकों में स्वर्गीय डॉ. जगदीश गुप्ता, अजामिल, कैलाश कल्पित, केशरी नाथ त्रिपाठी, रीता बहुगुणा जोशी, डॉ. सोने लाल पटेल और प्रमोद तिवारी जैसे अनेक प्रतिष्ठित नाम शामिल रहे।

‘नई पीढ़ी’ से युवाओं को दी नई दिशा
वर्ष 2008 में उन्होंने लखनऊ से युवाओं के उत्थान और सामाजिक चेतना को समर्पित समाचार पत्र ‘नई पीढ़ी’ की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 2012 में हिंदी व्यवसायिक पत्रिका ‘संयुक्त व्यापार’ का प्रकाशन प्रारंभ किया। आगे चलकर नई दिल्ली से राष्ट्रीय स्तर पर नई पीढ़ी मासिक समाचार पत्रिका और प्लास्टिक उद्योग की चर्चित पत्रिका “Plastics Today” का संपादन एवं प्रकाशन भी शुरू किया।

आज उनके मार्गदर्शन में एक डेली न्यूज़ पोर्टल और वेब न्यूज़ चैनल का भी संचालन किया जा रहा है।

देशभर के पत्रकारों को जोड़ने वाला मंच खड़ा किया

शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी राष्ट्रीय स्तर के संगठन राइटर्स एंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (WAJA INDIA) के संस्थापक महासचिव हैं। यह संगठन देशभर के लेखकों और पत्रकारों को एक साझा मंच प्रदान करता है। वर्तमान में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार पी.बी. वर्मा हैं, जबकि इसकी संस्थापक अध्यक्ष सुप्रसिद्ध बाल साहित्यकार स्वर्गीय शशि अरुण थीं।

पर्यावरण के लिए चला रहे राष्ट्रीय अभियान
बीते तीन महीनों से शिवेन्द्र द्विवेदी वाराणसी में “नई पीढ़ी प्लास्ट संकल्प अभियान” के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को लेकर राष्ट्रीय स्तर का अभियान चला रहे थे। दुर्भाग्यवश, स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे स्वयं इसके प्रमुख कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकें। उनके इस संकल्प को उनके गुरु एवं मार्गदर्शक, श्री काशी विश्वनाथ ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री हरिहर कृपालु त्रिपाठी महाराज ने आगे बढ़ाया।

‘फक्कड़ पत्रकार’ के नाम से पहचान
पत्रकारिता जगत में शिवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी को एक यायावर, फक्कड़ और वैचारिक पत्रकार के रूप में जाना जाता है। देश के लगभग 18 राज्यों में उनके पाठक, समर्थक और शुभचिंतक मौजूद हैं। उनकी लेखनी और बेबाक विचारों ने उन्हें पत्रकारिता की दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई है।

उनके अस्वस्थ होने की खबर के बाद विभिन्न राज्यों से पत्रकार, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। फिलहाल उनकी हालत पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है और उनका उपचार RML लखनऊ में जारी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft