रायगढ़। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटे अतरमुड़ा इलाके में संचालित एक कथित सेक्स रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने महिला दलाल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से तीन युवतियों को बरामद किया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने ऐसे अवैध धंधों पर निगरानी और चौकसी बढ़ाने की बात कही है।
पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, छोटे अतरमुड़ा साईं मंगलम रोड स्थित एक किराए के मकान में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। तय संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मकान पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान के बाहर मौजूद महिला ने अपनी पहचान गुंजन चौहान (36 वर्ष) के रूप में बताई। वहीं अंदर के कमरों में 3 युवतियों के साथ 2 पुरुष पाए गए। पूछताछ में उनकी पहचान नेहरू चौहान (37 वर्ष) निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा मीर रविउल (34 वर्ष) निवासी पश्चिम बंगाल, हाल मुकाम जशपुर के रूप में हुई।
भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद
महिला पुलिस कर्मियों द्वारा तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री और पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में महिला ने किराए के मकान में देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गुंजन चौहान, नेहरू चौहान और मीर रविउल के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण की आगे की जांच जारी है।
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि, महिलाओं के शोषण और अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft