Sunday ,August 16, 2026
होमदेश-दुनियालातेहार में पर भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर, टेंपो पर पलटा, 7 की मौत...

लातेहार में पर भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर, टेंपो पर पलटा, 7 की मौत

 Newsbaji  |  Aug 16, 2026 08:02 AM  | 
Last Updated : Aug 16, 2026 08:02 AM
लातेहार में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर के नीचे दबा टेंपो
लातेहार में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर के नीचे दबा टेंपो

लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में स्वतंत्रता दिवस के दिन शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंदवा थाना क्षेत्र के लुकुईया घाटी के पास लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पहले एक बाइक से टकराया और फिर यात्रियों से भरे सवारी टेंपो के ऊपर पलट गया। हादसे में करीब सात लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बाइक को टक्कर मारने के बाद टेंपो पर पलटा कंटेनर
मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर लोहरदगा की ओर से आ रहा था। लुकुईया घाटी के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क पर जा रही एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद यात्रियों से भरे सवारी टेंपो पर पलट गया। कंटेनर के नीचे बाइक और टेंपो दोनों दब गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

हाइड्रा मशीन से हटाया गया कंटेनर
घटना की सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कंटेनर काफी भारी होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। इसके बाद हाइड्रा मशीन की मदद से कंटेनर को हटाया गया और उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सांसंग से चपरी जा रहे थे टेंपो सवार
बताया जा रहा है कि, सवारी टेंपो में लातेहार थाना क्षेत्र के सांसंग इलाके के लोग सवार थे, जो लोहरदगा के चपरी जा रहे थे। इसी दौरान लुकुईया घाटी के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
स्वतंत्रता दिवस पर मातम में बदली खुशियां
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft