रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस को सफलता मिली है। थाना टिकरापारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भाठागांव बस स्टैंड के पास दबिश देकर 20.94 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में 16 वर्ष 5 माह उम्र के एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी जा रही है।
ग्राहक की तलाश में था, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को थाना टिकरापारा पुलिस को सूचना मिली थी कि धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के पीछे भाठागांव बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 20.94 किलो गांजा बरामद हुआ।
गाजियाबाद का रहने वाला है अपचारी बालक
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 16 वर्ष 5 माह के अपचारी बालक के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। मामले में थाना टिकरापारा में प्रकरण दर्ज किया गया है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपचारी बालक को बाल न्यायालय, रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गांजा तस्करी के पीछे कौन? नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले स्रोत से लेकर संभावित खरीदारों तक पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस की जांच का मुख्य फोकस इस बात पर भी है कि नाबालिग को गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में किसने शामिल किया और उसके जरिए मादक पदार्थ की सप्लाई कहां की जानी थी।
CBI की बड़ी कार्रवाई: रेलवे के वरिष्ठ DME गिरफ्तार, 77 लाख रुपए नकद और लाखों के आभूषण बरामद
कूलर में उतरा करंट, एक-दूसरे को बचाने पहुंचीं 3 मासूम बहनें; तीनों की दर्दनाक मौत
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft