Sunday ,August 16, 2026
होमदेश-दुनियातृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का निधन, पार्टी कार्यालय में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी...

तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का निधन, पार्टी कार्यालय में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी

 Newsbaji  |  Aug 16, 2026 09:28 AM  | 
Last Updated : Aug 16, 2026 09:28 AM
रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का निधन, पुलिस जांच जारी
रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का निधन, पुलिस जांच जारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह उनके आवास से सटे पार्टी कार्यालय में मिला। पुलिस के अनुसार, उनका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सुसाइट नोट की जांच जारी 
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों ने घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की भी जानकारी दी है, हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल नोट की सामग्री के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

5 बार रामपुरहाट से रहे विधायक
आशीष बनर्जी बीरभूम जिले की रामपुरहाट विधानसभा सीट से लगातार 5 बार विधायक रहे। उन्होंने वर्ष 2001 से इस सीट पर लगातार चुनाव जीते थे। हालांकि, हालिया विधानसभा चुनाव में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। आशीष बनर्जी को क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से प्रभावशाली नेता माना जाता था। वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में शामिल थे और तृणमूल कांग्रेस संगठन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ममता सरकार में संभाली मंत्री पद की जिम्मेदारी
आशीष बनर्जी पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार में स्कूली शिक्षा और कृषि मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके थे। वर्ष 2021 में उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था। राजनीति में आने से पहले उनका अकादमिक क्षेत्र से जुड़ा लंबा अनुभव रहा। उन्होंने बर्दवान विश्वविद्यालय से बांग्ला विषय में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने रामपुरहाट कॉलेज में अध्यापन कार्य से अपने करियर की शुरुआत की। बाद में वह सक्रिय राजनीति में आए और लगातार कई चुनावों में जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई।

पुलिस जांच जारी
स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह पार्टी कार्यालय में आशीष बनर्जी को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद रामपुरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस फिलहाल घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft