नई दिल्ली/रायपुर। पेपर लीक विवाद के बाद आज यानि रविवार (21 जून 2026) देशभर में NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस री-एग्जाम में देश और विदेश के परीक्षा केंद्रों को मिलाकर 22.79 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। इसे छात्रों के भविष्य के साथ-साथ राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की विश्वसनीयता की कसौटी भी माना जा रहा है।
NTA ने देश और विदेश के कुल 564 शहरों में 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा से पहले शनिवार को देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
इस बार परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एजेंसी के अनुसार, देशभर में 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर औसतन 40 से 50 सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे। गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए करीब 1,500 बैंक शाखाओं में अधिकारियों की तैनाती की गई है।
वायुसेना ने भरी 200 से अधिक उड़ाने
पहली बार भारतीय वायुसेना के विमानों और हेलिकॉप्टरों के जरिए प्रश्नपत्रों को विभिन्न जोन तक पहुंचाया गया है। वायुसेना ने 200 से अधिक उड़ानों के माध्यम से प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी निभाई है।
NTA ने परीक्षा नियमों में बदलाव करते हुए परीक्षा अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी और 3 घंटे 15 मिनट तक चलेगी। PwD और PwBD श्रेणी के छात्रों को अतिरिक्त समय दिया गया है।
CCTV की निगरानी
परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी, जिसकी लाइव मॉनिटरिंग केंद्रीय कंट्रोल रूम से होगी। प्रश्नपत्रों की आवाजाही की GPS ट्रैकिंग भी की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी समेत 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी और इसके लिए 95,000 से अधिक परीक्षा कक्ष बनाए गए हैं।
NTA की अपील
NTA ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या भ्रामक जानकारी को रोका जा सके।
गौरतलब है कि, 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था। मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है।
राहुल गांधी छत्तीसगढ़ दौरे पर, संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस, 20 से 29 जून तक प्रशिक्षण
पत्नी को बचाने दौड़ा पति, करंट की चपेट में आने से दंपती की दर्दनाक मौत
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft