रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज यानि रविवार छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे कांग्रेस के नवनियुक्त 41 जिलाध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे।
इस तरह रहेगा राहुल का कार्यक्रम
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2:00 बजे रायपुर पहुंचेगे तथा 2:45 बजे प्रशिक्षण स्थल पर आएंगे। शाम 5:30 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर रहेंगे और शाम 6:45 बजे नियमित विमान से दिल्ली रवाना हो जाएगे।
20 से 29 जून तक प्रशिक्षण
कांग्रेस का प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 से 29 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें सभी नवनियुक्त 41 जिलाध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक कार्यों के लिए टारगेट शीट भी सौंप सकते हैं।
संगठन को मजबूत करने पर फोकस
राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस इसे संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की पहल के रूप में देख रही है। पार्टी नेताओं के अनुसार यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर केंद्रित रहेगा।
भाजपा-कांग्रेस आमने सामने
दूसरी ओर राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोला है। मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी राहुल गांधी के दौरे पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस की स्थिति पर कटाक्ष किया।
अभनपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
होगा जोरदार स्वागत- विकास उपाध्याय
वहीं, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राहुल गांधी के रायपुर आगमन पर विकास उपाध्याय के नेतृत्व में रायपुर एयरपोर्ट के पास कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में एकत्रित होंगे।
कांग्रेसजनों द्वारा राहुल गांधी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किए जाने की तैयारी की जा रही है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उनके दौरे को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है।
राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को कांग्रेस संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसके चलते प्रदेश स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ी हुई है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft