नागपुर। नागपुर के एक छात्र को NEET री-एग्जाम के लिए अबूधाबी में परीक्षा केंद्र मिलने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर सवाल उठाए हैं और परीक्षा प्रणाली की कार्यप्रणाली की आलोचना की है।
राहुल गांधी का ट्विट: https://x.com/rahulgandhi/status/2068207232475594802?s=48
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, नागपुर का एक छात्र पिछले एक महीने से NEET री-एग्जाम की तैयारी कर रहा था। परीक्षा से ठीक एक दिन पहले जब उसने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसे पता चला कि उसका परीक्षा केंद्र अबूधाबी में निर्धारित किया गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि, छात्र के पास पासपोर्ट नहीं है और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं है कि उसे विदेश भेजा जा सके। उन्होंने कहा कि इस वजह से छात्र पूरी रात तनाव में रहा और परीक्षा देने से भी मना करने लगा।
उन्होंने NTA की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, "जो सिस्टम एक बच्चे को उसके अपने शहर में सेंटर नहीं दे सकता और उसे विदेश का सेंटर दे देता है, उसे परीक्षा करवाने का कोई हक नहीं है।"
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, यह सिर्फ परीक्षा की समस्या नहीं बल्कि शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही का भी सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और उनके परिवारों को लगातार मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, मामले पर NTA ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। एजेंसी ने कहा कि, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्र को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा।
इस मामले के सामने आने के बाद परीक्षा व्यवस्था और छात्रों को परीक्षा केंद्र आवंटन प्रक्रिया पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव का हमला, बोले- रिकॉर्ड तोड़ यात्राओं की भी हो SIT जांच
टेंडर प्रक्रिया से पहले PG कॉलेज मैदान में शुरू हुआ काम, प्रशासन की तैयारियों पर उठे प्रश्न
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft