लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या मुद्दे को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि, किसी की रिकॉर्ड-तोड़ अयोध्या यात्राओं की भी विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराई जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “एक SIT किसी की रिकॉर्ड तोड़ ‘अयोध्या’ यात्राओं की पड़ताल के लिए भी बनानी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे और वहां दिए गए भाषण को लेकर भी सवाल उठाए। सपा प्रमुख ने कहा कि भाषण में बयान कम और धमकी ज्यादा दिखाई दी। उन्होंने पूछा कि, कार्यक्रम अचानक तय किया गया था या उसी दिन इसकी योजना बनाई गई थी, जिस दिन SIT का गठन किया गया था।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि, स्थानीय भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के कहने पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि राजनीतिक नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी के कार्य को प्रभावित करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने SIT की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि जांच पहले से ही विवादों और संदेह के घेरे में है। उन्होंने राम मंदिर में दान राशि और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं के हिसाब को लेकर भी सवाल खड़े किए।
उल्लेखनीय है कि, उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। यह कार्रवाई श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध के बाद की गई थी।
टेंडर प्रक्रिया से पहले PG कॉलेज मैदान में शुरू हुआ काम, प्रशासन की तैयारियों पर उठे प्रश्न
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft