Friday ,July 24, 2026
होमदेश-दुनियासरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच 2 घंटे चली मैराथन बैठक, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी; नड्डा बोले-'कल देंगे जवाब'...

सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच 2 घंटे चली मैराथन बैठक, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी; नड्डा बोले-'कल देंगे जवाब'

 Newsbaji  |  Jul 24, 2026 07:04 PM  | 
Last Updated : Jul 24, 2026 07:04 PM
नीट परीक्षा विरोध में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ बैठक करते सीजेपी (CJP) के प्रतिनिधि
नीट परीक्षा विरोध में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ बैठक करते सीजेपी (CJP) के प्रतिनिधि

दिल्ली। नीट (NEET) परीक्षा विवाद को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों और केंद्र सरकार के बीच शुक्रवार (24 जुलाई, 2026) को एक अहम बैठक हुई। लगभग 2 घंटे तक चली इस उच्चस्तरीय बातचीत में CJP के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को एक बार फिर सरकार के सामने पुरजोर तरीके से रखा।
सरकार की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पीएमओ राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मोर्चा संभाला, जबकि CJP का प्रतिनिधित्व मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक रांका ने किया।

CJP  की 3 मुख्य मांगें:

  • 1. शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाया जाए या उनका इस्तीफा लिया जाए (सीजेपी के अनुसार यह गैर-समझौतावादी मांग है)।
  • 2. पीड़ित परिवारों को मुआवजा: पेपर लीक विवाद के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को तुरंत आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
  • 3.केस वापस लिए जाएं: आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी एफआईआर (FIR) रद्द की जाएं और किसी पर कानूनी कार्रवाई न हो।

इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर 5 महत्वपूर्ण सुझाव भी सौंपे हैं।

बैठक के बाद क्या बोले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा?
2 घंटे चली मैराथन बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए जेपी नड्डा ने कहा, आज हमने आंदोलनकारी प्रतिनिधियों के मुद्दों को 2 घंटे तक ध्यानपूर्वक सुना। बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई है। उन्होंने 3 प्रमुख मांगों और 5 परीक्षा सुधार के सुझाव दिए हैं। हम इन मुद्दों पर सरकार के भीतर आंतरिक चर्चा करेंगे और शनिवार (25 जुलाई) दोपहर को फिर बैठक कर अपना रुख स्पष्ट करेंगे।"

CJP का कड़ा रुख: 'इस्तीफे की मांग से पीछे हटने का सवाल ही नहीं'
बैठक के बाद सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने साफ किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमने सरकार को स्पष्ट बता दिया है कि हमारी यह मांग किसी भी हाल में वापस नहीं ली जाएगी। सरकार ने हमें शनिवार दोपहर तक जवाब देने का आश्वासन दिया है।"

अब सभी की नजरें शनिवार दोपहर होने वाली अगली दौर की बैठक पर टिकी हैं, जहां सरकार यह तय करेगी कि सीजेपी की मांगों पर क्या रुख अपनाया जाए।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft