बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में चोरों ने एक बड़े कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करोड़ों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती रत्न समेत करीब 5 करोड़ रुपए के सामान की चोरी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी गए सामान और नुकसान की वास्तविक पुष्टि मकान मालिक दंपत्ति के तीर्थ यात्रा से लौटने के बाद ही हो सकेगी।
सुरक्षित नहीं मकान
जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर मुख्य मार्ग स्थित कारोबारी रजनीश सेठ अपनी पत्नी के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर में प्रवेश करने के लिए एसी हटाकर रास्ता बनाया और इसके बाद इत्मीनान से एक-एक कमरे की तलाशी लेकर नगदी, जेवरात, कीमती रत्न और अन्य बहुमूल्य सामान समेटकर फरार हो गए।
घटनास्थल पर जांच
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह सामने आई, जब रजनीश सेठ के एक मित्र ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है।
चोरो की तलाश में पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल चोरी की अनुमानित रकम करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है, लेकिन मकान मालिक दंपत्ति के लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान की विस्तृत सूची और वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा।
अपने ही शब्दों के घातक असर से कोई सबक नहीं!- सुनील कुमार
पुणे-हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, रायपुर-बिलासपुर समेत 5 स्टेशनों पर ठहराव
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft