रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG व्यापम) द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा (PSLA-26) का आयोजन 26 जुलाई 2026 (रविवार) को रायपुर जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी, जिसमें 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
कलेक्टर के निर्देश
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की ब्रीफिंग ली। डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई को सुबह 6:00 बजे जिला कोषालय, कलेक्ट्रेट परिसर से किया जाएगा।
परीक्षा केन्द्रों में सुविधाएं
अपर कलेक्टर ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक परीक्षार्थी के प्रवेश से पहले अनिवार्य फ्रिस्किंग कराने के भी निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft