दिल्ली। संसद के मानसून सत्र से पहले केंद्र की राजनीति में एक बार फिर कैबिनेट फेरबदल की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। दिल्ली के राजनीतिक गलियारों से लेकर राज्यों तक यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी टीम में कुछ बड़े बदलाव कर सकते हैं। माना जा रहा है कि सरकार आगामी राजनीतिक चुनौतियों और राज्यों के चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में नए चेहरों को जगह दे सकती है।
5 बार के है सांसद
राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का नाम भी तेजी से उभरकर सामने आ रहा है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से लगातार पांच बार सांसद चुने जा चुके अनुराग ठाकुर को संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर मजबूत चेहरा माना जाता है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय जैसी जिम्मेदारियां संभाल चुके अनुराग ठाकुर की प्रशासनिक और राजनीतिक पकड़ को भाजपा के लिए अहम माना जाता है।
हिमाचल चुनाव पर नजर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगले वर्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा अभी से चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटी है। प्रदेश में युवा मतदाताओं के बीच अनुराग ठाकुर की लोकप्रियता और उनकी सक्रिय राजनीतिक छवि को देखते हुए पार्टी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देकर राज्य में राजनीतिक संदेश देना चाहती है।
भाजपा के लिए हिमाचल केवल एक राज्य नहीं बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में अनुराग ठाकुर की संभावित वापसी को केवल मंत्री पद से जोड़कर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे चुनावी रणनीति के हिस्से के तौर पर भी देखा जा रहा है।
कुछ मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी
राजनीतिक हलकों में कुछ केंद्रीय मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना पर भी चर्चा हो रही है। हालांकि इन अटकलों को लेकर अभी तक भाजपा या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस बीच पूर्व RBI गवर्नर शक्तिकांत दास के नाम को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि जब तक सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इन खबरों को संभावनाओं और राजनीतिक अटकलों के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
राजनीतिक संदेश पर रहेगी नजर
यदि कैबिनेट विस्तार या फेरबदल होता है, तो यह केवल मंत्रालयों का पुनर्गठन नहीं होगा बल्कि आगामी चुनावों से पहले भाजपा की राजनीतिक प्राथमिकताओं और रणनीतिक दिशा का संकेत भी माना जाएगा। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि भाजपा चुनावी और सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए किन चेहरों पर दांव लगाती है।
छत्तीसगढ़ के सभी 813 हज यात्री सकुशल लौटे, अंतिम जत्थे का मुंबई में हुआ स्वागत
नकटी में चला बुलडोजर, सिर्फ 48 घर नहीं गिरे, भरोसे की दीवार भी ढह गई?
सेक्स रैकेट का खुलासा, जलाराम लॉज में पुलिस की रेड, मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft