Saturday ,August 01, 2026
होमदेश-दुनियाकुलगाम में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, सुरक्षा बलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी...

कुलगाम में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, सुरक्षा बलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी

 Newsbaji  |  Aug 01, 2026 09:04 AM  | 
Last Updated : Aug 01, 2026 09:04 AM
कुलगाम आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत के बाद मौके पर सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन
कुलगाम आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत के बाद मौके पर सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन

कुलगाम/रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे और भूपेंद्र कुमार भैना के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश के लिए सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

मजदूरों पर ताबड़तोड़ चलाई गोलियां
जानकारी के अनुसार, अज्ञात आतंकियों ने दोनों मजदूरों पर उस समय गोलीबारी की, जब वे अपने काम पर थे। गंभीर रूप से घायल दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दीपक कुमार रात्रे ने दम तोड़ दिया, जबकि भूपेंद्र कुमार भैना को बेहतर उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग रेफर किया गया, जहां उन्होंने भी उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश तेज कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान और उद्देश्य की जांच में जुटी हैं।

नेता प्रतिपक्ष बोले
इस घटना पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) अमित कुमार से फोन पर घटना की जानकारी ली और अफसरों से मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft