पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार को रेलवे ट्रैक के पास हुए भीषण धमाके में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 लोग घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विस्फोट उस समय हुआ जब क्वेटा कैंट इलाके की ओर जा रही एक शटल ट्रेन चमन फाटक के पास पहुंची थी। धमाके के कारण ट्रेन के इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए। आसपास खड़ी करीब 10 गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास की इमारतों के शीशे और खिड़कियां टूट गईं।
धमाके के बाद गोलियों की आवाजें
स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट के तुरंत बाद इलाके में गोलियों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे दहशत फैल गई। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस, सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थीं। फिलहाल पुलिस धमाके के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
बलूचिस्तान में पहले भी हो चुके हैं हमले
बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों का केंद्र रहा है। यहां कई उग्रवादी संगठन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ सक्रिय हैं और बलूचिस्तान की आजादी की मांग करते रहे हैं। इस क्षेत्र में रेलवे और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को पहले भी निशाना बनाया जाता रहा है।
जाफर एक्सप्रेस रोकी गई
घटना के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक की जांच और मरम्मत का काम जारी है।
रेल मंत्री ने की हमले की निंदा
पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “कायराना आतंकी हमला” बताया। उन्होंने कहा कि आतंकवादी हमलों से पाकिस्तान का मनोबल कमजोर नहीं होगा। रेल मंत्री ने बताया कि फंसे यात्रियों को निकालने के लिए राहत ट्रेन और रेस्क्यू ट्रक मौके पर भेजे गए हैं। साथ ही अधिकारियों से पूरी घटना की रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस हमले के बावजूद पाकिस्तान रेलवे की सेवाएं जारी रहेंगी और ट्रेन संचालन बंद नहीं किया जाएगा।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft