चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। पीपलकोटी में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (THDC) की परियोजना साइट पर गुरुवार शाम अचानक टनल के भीतर पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 14 मजदूर घायल हुए हैं। वहीं, 2 मजदूर अभी भी टनल के अंदर मलबे में फंसे हुए हैं।
शाम करीब 6:30 बजे अचानक घुसा पानी और मलबा
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त टनल के भीतर कुल 22 मजदूर काम कर रहे थे। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे भारी बारिश के बीच अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा टनल के अंदर घुस गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए और बहते हुए टनल के एग्जिट की तरफ चले गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हादसे की पुष्टि की है।
मौके पर पहुंचे विधायक, राहत-बचाव कार्य तेज
स्थानीय विधायक लखपत बुटोला भी प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि राहत और बचाव अभियान में लगी टीमों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। टनल में फंसे 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए NDRF और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। मलबा हटाकर अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अफसरों को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री लगातार वरिष्ठ अफसरों से घटना की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल मजदूरों से मुलाकात की।
छत्तीसगढ़ और झारखंड के मजदूर भी शामिल
हादसे में प्रभावित और घायल मजदूरों में झारखंड और छत्तीसगढ़ के रहने वाले श्रमिक भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री धामी ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत कर घटना की जानकारी दी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
लगातार बारिश ने बढ़ाई मुश्किल
चमोली जिले में पिछले कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। इससे पहले सोमवार को नीति घाटी क्षेत्र में तेज बहाव के कारण एक लोहे का पुल भी बह गया था। बताया गया कि नदी के तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में कीचड़ और मलबा आया, जिसने कुछ ही सेकंड में पुल को अपनी चपेट में ले लिया।
छत्तीसगढ़ पुलिस के 152 अफसर-कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक, वीरता पदक से 141 जवान सम्मानित
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft