भिलाई। रायपुर रेल मंडल के चरोदा स्थित PP यार्ड में गुरुवार देर शाम CBI की अचानक दबिश से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। कॉन्ट्रैक्टर के रनिंग बिल पास करने के एवज में कथित तौर पर मोटी रकम मांगने की शिकायत के बाद CBI की टीम ने सीनियर DME अनमोल उइके के कार्यालय में कार्रवाई शुरू की। देर रात तक CBI अधिकारी पूछताछ के साथ दस्तावेजों और संबंधित रिकॉर्ड को खंगालते रहे।
दिल्ली से मिली शिकायत, सीधे ऑफिस पहुंची टीम
जानकारी मुताबिक, सीनियर DME अनमोल उइके के खिलाफ दिल्ली स्थित CBI कार्यालय में शिकायत पहुंची थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रेलवे में कॉन्ट्रैक्टर के रनिंग बिल को पास करने के बदले कथित रूप से बड़ी रकम की मांग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए CBI की टीम गुरुवार रात करीब 8:30 बजे भिलाई पहुंची। बताया जा रहा है कि टीम में करीब 8 अधिकारी शामिल थे। दिल्ली पासिंग वाहनों से पहुंची टीम सीधे चरोदा पीपी यार्ड स्थित सीनियर DME के कार्यालय पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
दफ्तर में पूछताछ, रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल
CBI की टीम ने सीनियर DME अनमोल उइके से पूछताछ की। इसके साथ ही कार्यालय में मौजूद फाइलों, दस्तावेजों और बिलों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान रेलवे के कुछ कर्मचारियों से भी जानकारी लिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में अभी तक CBI की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जानिए क्यों सुर्खियों में है PP यार्ड
दरअसल, चरोदा का PP यार्ड रेलवे के लिए महत्वपूर्ण मेंटेनेंस केंद्र है, जहां रेलवे वैगन के रखरखाव से जुड़े कार्य होते हैं। यह स्थान पहले भी CBI की कार्रवाई का सामना कर चुका है। वर्ष 2023 में कॉन्ट्रैक्टर से कथित कमीशन लेने के आरोप में CBI ने PP यार्ड में दबिश दी थी। अब एक बार फिर CBI की कार्रवाई से चरोदा PP यार्ड चर्चा में है।
बहरहाल, CBI की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी की पड़ताल में क्या तथ्य सामने आते हैं और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। रेलवे महकमे में इस कार्रवाई को लेकर देर रात तक चर्चाओं का दौर जारी रहा।
नशे के कारोबार में UP कनेक्शन का खुलासा! 10 लाख का गांजा लेकर ग्राहक खोज रहा था नाबालिग
CBI की बड़ी कार्रवाई: रेलवे के वरिष्ठ DME गिरफ्तार, 77 लाख रुपए नकद और लाखों के आभूषण बरामद
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft