Thursday ,August 13, 2026
होमजुर्मदुरंतो एक्सप्रेस में करीब 2 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, 2 संदिग्ध हिरासत में...

दुरंतो एक्सप्रेस में करीब 2 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, 2 संदिग्ध हिरासत में

 Newsbaji  |  Aug 13, 2026 03:12 PM  | 
Last Updated : Aug 13, 2026 03:12 PM
दुरंतो एक्सप्रेस से करीब दो करोड़ का विदेशी सोना बरामद, दो संदिग्ध पकड़े गए
दुरंतो एक्सप्रेस से करीब दो करोड़ का विदेशी सोना बरामद, दो संदिग्ध पकड़े गए

नागपुर। रायपुर-नागपुर रेलमार्ग पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) क्राइम ब्रांच और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपए मूल्य का विदेशी सोना बरामद किया है। टीम ने ट्रेन के B-12 कोच में सफर कर रहे 2 संदिग्ध यात्रियों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपए बताई गई है।

गुप्त सूचना पर शुरू हुआ अभियान
जानकारी के अनुसार, RPF क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वस्त सूत्र से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में 2 व्यक्ति विदेशी सोने की खेप लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए RPF क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम को DRI नागपुर के अफसरों के साथ संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए।

इसके बाद टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में संदिग्ध यात्रियों और उनके सामान की निगरानी एवं जांच शुरू की। इसी दौरान B-12 कोच में मौजूद दो यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पूछताछ के बाद उनकी तलाशी ली गई तो बड़ी मात्रा में सोना बरामद हुआ।

7 बिस्किट और 1 सोने की छड़ बरामद
तलाशी के दौरान टीम को सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ मिली। इनका कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम बताया गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद सोने की कीमत 1,96,34,307 रुपए है। सोना विदेशी होने के कारण जांच एजेंसियों ने इसे संभावित सोना तस्करी से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।

DRI ने संभाली जांच
कार्रवाई के बाद RPF टीम ने दोनों संदिग्धों को बरामद सोने सहित DRI नागपुर के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। DRI ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सोने के स्रोत और नेटवर्क की तलाश
अब DRI यह पता लगाने में जुटी है कि, विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसी दोनों संदिग्धों के मोबाइल फोन, यात्रा विवरण, संपर्कों और सोने की खेप से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी खंगाल सकती है। अधिकारियों को आशंका है कि बरामद सोने के पीछे संगठित तस्करी नेटवर्क की भूमिका हो सकती है।

जांच पूरी होने के बाद ही सोने के स्रोत, गंतव्य और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है और DRI की जांच के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft