मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अमरपाटन के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम रिगरा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार एक्सयूवी (XUV) कार आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 6 युवक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। हादसे में 5 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया घायल
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया। घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैहर जिला अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के अनुसार, सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि हादसे में मृतक सभी मनोज पटेल के साले थे। वहीं, मैहर विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे मनीष पटेल के भी ये सभी मृतक और घायल युवक भाई बताए जा रहे हैं।
UP STF ने एक लाख के इनामी आसिफ उर्फ विक्की को किया ढेर, जवान घायल
तांत्रिक बनने पर उड़ाया था मजाक, दोस्त ने दरांती से उतारा मौत के घाट; आरोपी गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft