भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले के 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-719 पर गोहद क्षेत्र के छीमका गांव के पास रात करीब 1:00 बजे हुआ। मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
गांव वापस जाते समय हादसा
बताया जा रहा है कि, सभी मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का मौसमी काम पूरा करने के बाद पिकअप से अपने गांव लखीमपुर-खीरी लौट रहे थे। छीमका गांव के पास हाईवे पर अचानक कई गायें सड़क पर आ गईं। मवेशियों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन को मोड़ने की कोशिश की, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
तेज रफ्तार का अनुमान
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय पिकअप की रफ्तार करीब 80 से 90 किमी प्रति घंटे होने का अनुमान है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया।
JAH ट्रॉमा सेंटर में घायलों का इलाज
ग्वालियर स्थित जय आरोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर के कैजुअल्टी प्रभारी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छीमका गांव के पास लखीमपुर-खीरी लौट रहे मजदूरों की पिकअप की सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से टक्कर हुई। हादसे के बाद गंभीर घायलों को ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। हादसे में पिकअप चालक के अलावा ट्रक चालक के भी घायल होने की जानकारी है। गंभीर स्थिति वाले घायलों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
5 शव गोहद, 3 ग्वालियर में
हादसे में जान गंवाने वाले 8 मजदूरों में से 5 के शव गोहद और 3 के शव ग्वालियर में रखवाए गए हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मृतकों के परिजनों से संपर्क करने तथा शवों को उनके पैतृक गांव पहुंचाने की कार्रवाई में जुटी हैं।
CM योगी ने दिए 2-2 लाख रुपए सहायता के निर्देश
हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश प्रशासन के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए लखीमपुर-खीरी के मजदूरों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के पार्थिव शरीरों को ससम्मान उनके गांव पहुंचाने और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे ने फिर उठाए हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी पर सवाल
छीमका गांव के पास हाईवे पर बैठे मवेशियों को हादसे की शुरुआती वजह बताया जा रहा है। अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे ने हाईवे पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी और रात में तेज रफ्तार वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft