धमतरी। जिले में चेन स्नेचिंग की वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला भखारा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सुबह टहलने निकली एक महिला को कार सवार 2 बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। बदमाश पता पूछने के बहाने महिला को बातचीत में उलझाते रहे और मौका मिलते ही उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
पता पूछने के बहाने बनाया शिकार
जानकारी के मुताबिक, गुजरा गांव निवासी बिंदा बाई साहू मंगलवार सुबह रोज की तरह टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान एक कार में सवार 2 युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने महिला से पता पूछना शुरू किया और बातचीत के बहाने उन्हें उलझा लिया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद आरोपी कार से रायपुर की ओर फरार हो गए।
करीब 30 हजार रुपए की बताई जा रही चेन
अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं। बाद में उन्होंने भखारा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि लूटी गई सोने की चेन की कीमत करीब 30 हजार रुपए है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत के बाद भखारा पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस कार और आरोपियों के हुलिए के आधार पर भी उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम काम कर रही है। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नवीन देशभक्ति गीतों ने बांधा समां, शहीदों को गीतों के माध्यम से दी श्रद्धांजलि
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft