Wednesday ,August 19, 2026
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों की बड़ी सर्जरी: 23 अफसरों के प्रभार बदले, कई जिलों के कलेक्टर भी बदले...

छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों की बड़ी सर्जरी: 23 अफसरों के प्रभार बदले, कई जिलों के कलेक्टर भी बदले

 Newsbaji  |  Aug 18, 2026 07:16 PM  | 
Last Updated : Aug 18, 2026 07:16 PM
23 IAS अफसरों का बड़ा फेरबदल, कई जिलों के कलेक्टर बदले
23 IAS अफसरों का बड़ा फेरबदल, कई जिलों के कलेक्टर बदले

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 23 IAS अफसरों के प्रभार में बदलाव किया है। शासन के इस आदेश से मंत्रालय के वरिष्ठ अफसरों से लेकर जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत CEO और विभिन्न विभागों के संचालक स्तर के अधिकारी प्रभावित हुए हैं। प्रशासनिक फेरबदल में कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम, गरियाबंद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जैसे जिलों में नए कलेक्टरों की पदस्थापना की गई है।

सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की कमान
1999 बैच के IAS अफसर सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है।
2006 बैच के भुवनेश यादव को वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जल जीवन मिशन में भी बड़ा बदलाव
2011 बैच के रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। ऐसे में इस पद पर नई जिम्मेदारी को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

6 जिलों में बदले कलेक्टर
राज्य सरकार के आदेश का सबसे बड़ा असर जिलों की प्रशासनिक व्यवस्था पर दिखाई देगा। कई महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टरों को बदला गया है।

  • रणबीर शर्मा — कलेक्टर, गरियाबंद
  • कुंदन कुमार — कलेक्टर, कांकेर
  • अमृत विकास तोपनो — कलेक्टर, मुंगेली
  • जयश्री जैन — कलेक्टर, सक्ती
  • तुलिका प्रजापति — कलेक्टर, कबीरधाम
  • तनुजा सलाम — कलेक्टर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी

वहीं नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जो कलेक्टर कांकेर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास बनाया गया है।

गरियाबंद और कबीरधाम के कलेक्टरों को मंत्रालय भेजा
भगवान सिंह उइके, जो कलेक्टर गरियाबंद थे, अब संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इसी तरह गोपाल वर्मा, जो कलेक्टर कबीरधाम के पद पर थे, उन्हें संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है।

खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग में भी फेरबदल
भोसकर विलास संदिपान को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के वर्तमान दायित्व के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद इफ्फत आरा नागरिक आपूर्ति निगम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।

वहीं, जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बनाया गया है।

अन्य विभागों में भी नई जिम्मेदारियां

  • हिना अनिमेष नेताम को वर्तमान दायित्वों के साथ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
  • गजेन्द्र सिंह ठाकुर को संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
  • रोमा श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा बनाया गया है।
  • आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग के साथ संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

दुर्ग नगर निगम और पर्यटन में भी बदलाव

  • लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग की जिम्मेदारी दी गई है।
  • वहीं सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाया गया है।
  • बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर, बिलासपुर पदस्थ किया गया है।

दूसरी ओर विवेक आचार्य (2006 बैच) की प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल के पद पर सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।

जिलों में बदलेगी प्रशासनिक तस्वीर
इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब जिलों में नई प्रशासनिक टीम के साथ कामकाज की नई प्राथमिकताएं देखने को मिल सकती हैं। खासतौर पर कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम, गरियाबंद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में कलेक्टरों के बदलाव से जिला प्रशासन की कार्यशैली पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

वहीं मंत्रालय स्तर पर नगरीय प्रशासन, आदिवासी एवं सामाजिक विकास, जल जीवन मिशन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियों का पुनर्गठन सरकार की प्रशासनिक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft