दुर्ग। जिले के ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर निर्माण कार्य बंद कराने को लेकर पिस्टल से फायरिंग और धमकी देने के मामले में जामगांव (आर) पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अविचल अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी टैगोर नगर, रायपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की दोपहर ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर बिसहत यादव (46 वर्ष) एवं अन्य कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अविचल अग्रवाल अपने साथियों के साथ कार से मौके पर पहुंचा।
आरोप है कि, आरोपी ने सोलर प्लांट में चल रहे निर्माण कार्य को बंद करने की धमकी दी। इसी दौरान विवाद के बीच उसने पिस्टल निकालकर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के दौरान जमीन मालिक दीपक अग्रवाल को भी धमकाया गया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन से मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना जामगांव (आर) पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने उपलब्ध तथ्यों और सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, देर रात घेराबंदी कर आरोपी अविचल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी को 17 अगस्त 2026 को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस द्वारा आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन से सोलर प्लांट निर्माण स्थल पहुंचा। वहां मौजूद कर्मचारियों को निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी गई। विवाद के दौरान पिस्टल निकालकर फायरिंग कर भय का माहौल बनाया गया और जमीन मालिक को भी धमकाया गया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft