Wednesday ,June 17, 2026
होमदेश-दुनियाराम मंदिर चढ़ावा विवाद पर योगी सरकार का एक्शन, हाई-लेवल SIT गठित, 15 दिन में आएगी फाइनल रिपोर्ट...

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर योगी सरकार का एक्शन, हाई-लेवल SIT गठित, 15 दिन में आएगी फाइनल रिपोर्ट

 Newsbaji  |  Jun 14, 2026 08:46 AM  | 
Last Updated : Jun 14, 2026 08:46 AM
योगी सरकार का फैसला, राम मंदिर मामले में SIT गठित
योगी सरकार का फैसला, राम मंदिर मामले में SIT गठित

अयोध्या/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राम नगरी अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावे की धनराशि में कथित अनियमितताओं और चोरी के आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक्शन लिया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के विशेष अनुरोध पर शासन ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए उच्च स्तरीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है।

सरकार ने गठित एसआईटी को 7 दिनों के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और 15 दिनों में अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की निगरानी उच्च स्तर पर की जाएगी।

3 वरिष्ठ अफसरों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
मंदिर के चढ़ावे की धनराशि से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय SIT की कमान लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत (IAS) को सौंपी गई है। SIT में शामिल अन्य सदस्य हैं, जिसमें किरन एस (IPS), आईजी रेंज, नील रतन (IAS), विशेष सचिव वित्त शामिल है। यह टीम वित्तीय, प्रशासनिक और कानूनी पहलुओं की गहराई से जांच करेगी तथा पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।

लगातार उठ रहे सवालों के बीच ट्रस्ट ने मांगी सरकारी जांच
राम मंदिर के दान पात्रों से करोड़ों रुपए की कथित चोरी और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर पिछले कुछ समय से विभिन्न दावे और आरोप सामने आ रहे थे। इन आरोपों के चलते मंदिर ट्रस्ट को देश-विदेश में आलोचनाओं और सवालों का सामना करना पड़ रहा था।

इसी बीच शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की, जिसके बाद शासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए SIT का गठन कर दिया।

ट्रस्ट का दावा- ‘चढ़ावे की एक-एक पाई सुरक्षित’
ट्रस्ट ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि, उच्च स्तरीय जांच से न केवल पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आएगी, बल्कि यह भी स्पष्ट होगा कि मंदिर में प्राप्त होने वाला चढ़ावा पूरी पारदर्शिता के साथ बैंक खातों में जमा किया जाता है। ट्रस्ट के अनुसार, जांच से उन लोगों का भी पर्दाफाश होगा जो मंदिर की छवि और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

क्या करेगी SIT?

  • विशेष जांच दल (SIT) को सामान्य पुलिस जांच से अधिक व्यापक अधिकार प्राप्त होते हैं। यह टीम- 
  • गवाहों के बयान दर्ज करेगी,
  • वित्तीय दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच करेगी,
  • डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों का परीक्षण करेगी,
  • जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ करेगी,
  • और जांच पूरी होने पर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।

पूरे देश की नजर रिपोर्ट पर
राम मंदिर से जुड़े इस मामले को लेकर देशभर में चर्चा बनी हुई है। ऐसे में SIT की जांच और उसकी रिपोर्ट पर न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। अब सभी को इंतजार है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपों में कितनी सच्चाई पाई जाती है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft