भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदा नगर में रविवार सुबह पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अलग-अलग कमरों से दोनों के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है।
जानकारी के अनुसार, वृंदा नगर निवासी जी वेंकट रमन मूर्ति (55) का शव घर के अंदर नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी जी विद्यावती (52) का शव सामने वाले कमरे में जमीन पर पड़ा हुआ था। महिला के गले पर रस्सी से कसाव के निशान मिलने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
मां ने सबसे पहले देखे शव
सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:00 बजे घर में कोई हलचल नहीं होने पर मृतक की मां, जो पास में ही रहती हैं, उनके घर पहुंचीं। उन्होंने सामने वाले कमरे में बहू को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद अंदर वाले कमरे में जाने पर उनका बेटा फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी छोटे बेटे जी माधव राव को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सुसाइड नोट नहीं मिला, मोबाइल की जांच होगी
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसका स्क्रीन लॉक है। पुलिस मोबाइल का लॉक खुलवाकर उसमें मौजूद डाटा की जांच करेगी, जिससे मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
आर्थिक तंगी और विवाद की बात आई सामने
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जी वेंकट रमन मूर्ति ऑटो चालक था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पूछताछ के दौरान पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। दंपत्ति का एक बेटा ओडिशा में काम करता है।
फिलहाल, वैशाली नगर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी की गई है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft