Wednesday ,June 17, 2026
होमछत्तीसगढ़राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ मिशन, रायपुर में 10 दिन का मेगा कैंप, जिला अध्यक्षों को मिल सकते हैं बड़े अधिकार...

राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ मिशन, रायपुर में 10 दिन का मेगा कैंप, जिला अध्यक्षों को मिल सकते हैं बड़े अधिकार

 Newsbaji  |  Jun 14, 2026 06:59 PM  | 
Last Updated : Jun 14, 2026 06:59 PM
रायपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रशिक्षण, राहुल गांधी देंगे संगठन का मंत्र
रायपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रशिक्षण, राहुल गांधी देंगे संगठन का मंत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत 21 जून 2026 से रायपुर के अभनपुर स्थित मंगल भवन में जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों का 10 दिवसीय मेगा ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और जिला अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने पीसीसी और सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र भेजकर कार्यक्रम की जानकारी दी है। प्रशिक्षण के दौरान राहुल गांधी विभिन्न जिलों की राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन देंगे।

सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षण के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक अधिकार देने और स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे जिला अध्यक्षों की भूमिका और प्रभाव दोनों बढ़ सकते हैं।

AICC ने निर्देश दिया है कि, प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियां उसके प्रशिक्षण विभाग के समन्वय से पूरी की जाएं। साथ ही शिविर के पहले दो और अंतिम दो दिनों में AICC महासचिवों, PCC अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी।

मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी भी होंगे शामिल!
इस बीच, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी के भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने की चर्चा है, हालांकि पार्टी की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। राजनीतिक दृष्टि से इस प्रशिक्षण शिविर को कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन और आगामी चुनावी रणनीति की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft