Sunday ,September 06, 2026
होमदेश-दुनियायूपी कैबिनेट विस्तार में पूजा पाल को नहीं मिली जगह, अखिलेश यादव का शायराना तंज...

यूपी कैबिनेट विस्तार में पूजा पाल को नहीं मिली जगह, अखिलेश यादव का शायराना तंज

 Newsbaji  |  May 11, 2026 09:12 AM  | 
Last Updated : May 11, 2026 09:12 AM
पूजा पाल को मंत्री पद नहीं मिलने पर अखिलेश यादव का तंज
पूजा पाल को मंत्री पद नहीं मिलने पर अखिलेश यादव का तंज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में 8 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार में 6 नए चेहरों को मौका मिला, जबकि 2 मंत्रियों को प्रमोशन दिया गया। लेकिन कौशांबी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल को कैबिनेट में जगह नहीं मिलने पर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए शायराना अंदाज में तंज कसा।

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि, महिलाओं को सम्मान देने की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा ने मंत्रिमंडल विस्तार में पूजा पाल समेत अन्य ‘भागी’ विधायकों को जगह नहीं दी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा “जो धोखा देकर गए हैं, वो किसी के वफादार क्या होंगे? जो हमारे ना हो सके, वो आपके क्या होंगे?” अखिलेश के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

कैबिनेट विस्तार से पहले चर्चा में थीं पूजा पाल
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले पूजा पाल को मंत्री बनाए जाने की चर्चा जोरों पर थी। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा था कि भाजपा उन्हें कैबिनेट में शामिल कर सकती है, लेकिन अंतिम समय में उनका नाम सूची से हटा दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को मंत्रिमंडल विस्तार की सूची सौंप दी थी, जिसके बाद रविवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।

कौन हैं पूजा पाल?
पूजा पाल कौशांबी जिले की चायल विधानसभा सीट से विधायक हैं। उनके पति राजू पाल बसपा के विधायक थे, जिनकी 2005 में हत्या कर दी गई थी। राजू पाल ने इलाहाबाद पश्चिम सीट से उपचुनाव में माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ को हराया था। पति की हत्या के बाद पूजा पाल ने राजनीति में कदम रखा और 2007 व 2012 में बसपा के टिकट पर विधायक बनीं। 2017 में चुनाव हारने के बाद वे समाजवादी पार्टी में शामिल हुईं और 2022 में चायल सीट से विधायक चुनी गईं।

हालांकि राज्यसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने और मुख्यमंत्री योगी की तारीफ करने के बाद सपा से उनके रिश्ते खराब हो गए। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अखिलेश यादव ने उन्हें 2025 में पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
किन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ?

यूपी कैबिनेट विस्तार में जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें शामिल हैं- 

  • भूपेंद्र चौधरी
  • मनोज पांडे
  • अजीत सिंह पाल
  • सोमेंद्र सिंह तोमर
  • कृष्णा पासवान
  • कैलाश सिंह राजपूत
  • सुरेंद्र दिलेर
  • हंसराज विश्वकर्मा

इनमें अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र सिंह तोमर को प्रमोशन देकर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
नए चेहरों को मिला मौका

कैबिनेट विस्तार में भाजपा ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। नए चेहरों में कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को शामिल किया गया है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft