Monday ,August 24, 2026
होमजुर्मदोना-पत्तल मशीन के नाम पर 3.89 लाख रुपए की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार...

दोना-पत्तल मशीन के नाम पर 3.89 लाख रुपए की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Aug 24, 2026 10:46 AM  | 
Last Updated : Aug 24, 2026 10:46 AM
दोना-पत्तल मशीन के नाम पर 3.89 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
दोना-पत्तल मशीन के नाम पर 3.89 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

बालोद। जिले के ग्राम औराटोला में महिला स्व-सहायता समूहों से दोना-पत्तल मशीन उपलब्ध कराने के नाम पर 3 लाख 89 हजार रुपए लेने और मशीन उपलब्ध नहीं कराने के मामले में डौण्डी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जिला जेल बालोद भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, लोकेश्वरी साहू उम्र 41 वर्ष, निवासी औराटोला आवासपारा, थाना डौण्डी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि, ग्राम औराटोला में पांच महिला स्व-सहायता समूह संचालित हैं, जिनमें प्रेरणा स्व-सहायता समूह, जय बुढादेव स्व-सहायता समूह, जय मां स्व-सहायता समूह, ज्योति स्व-सहायता समूह और जागृति महिला स्व-सहायता समूह शामिल हैं।

शिकायत के मुताबिक, प्रेरणा स्व-सहायता समूह, जय मां स्व-सहायता समूह और जय बुढादेव स्व-सहायता समूह के सदस्यों तथा ग्राम कामता निवासी हेमिन भुआर्य ने दोना-पत्तल मशीन खरीदने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा नर्राटोला से 3 लाख 89 हजार रुपए का ऋण लिया था। आरोप है कि यह राशि खेमेन्द्र कुमार सेन निवासी खल्लारी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद को दिनांक 03 दिसंबर 2025 को दी गई थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, राशि प्राप्त करने के बाद आरोपी ने न तो दोना-पत्तल मशीन उपलब्ध कराई और न ही रकम वापस की। रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर आरोपी द्वारा टालमटोल की जाती रही।

मामले में थाना डौण्डी पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मिलने पर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी खेमेन्द्र कुमार सेन उम्र 33 वर्ष, निवासी खल्लारी को 23 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जिला जेल बालोद में दाखिल कराया गया।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft