Monday ,August 24, 2026
होमछत्तीसगढ़दोहरे हत्याकांड से गरमाई सियासत, कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस पेट्रोलिंग और कमिश्नरेट व्यवस्था पर उठाए सवाल...

दोहरे हत्याकांड से गरमाई सियासत, कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस पेट्रोलिंग और कमिश्नरेट व्यवस्था पर उठाए सवाल

 Newsbaji  |  Aug 24, 2026 11:07 AM  | 
Last Updated : Aug 24, 2026 11:07 AM
दोहरे हत्याकांड पर कांग्रेस ने पुलिस पेट्रोलिंग और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
दोहरे हत्याकांड पर कांग्रेस ने पुलिस पेट्रोलिंग और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा और रायपुरा में देर रात हुए दोहरे हत्याकांड के बाद राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिस पेट्रोलिंग और कमिश्नरेट व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि, राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं और उन्हें पुलिस का भय नहीं रह गया है। उन्होंने चंगोराभाठा और रायपुरा में हुई हत्या की वारदात को पुलिस गश्त व्यवस्था की कथित विफलता का उदाहरण बताते हुए कहा कि आम नागरिकों में भय का माहौल है।

पेट्रोलिंग का अभाव 
उन्होंने आरोप लगाया कि, रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, नशीली गोलियों के कारोबार के साथ-साथ सट्टा और जुआ भी तेजी से बढ़ रहा है। उनका कहना है कि डीडी नगर थाना क्षेत्र के कई इलाकों में लंबे समय से अवैध नशे और सट्टेबाजी की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस की कथित ढिलाई और प्रभावी पेट्रोलिंग के अभाव में अपराधियों के हौसले बुलंद होने का आरोप भी उन्होंने लगाया।

नशा व सट्टा के खिलाफ अभियान चलाने की मांग 
कांग्रेस नेता ने प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा, पुलिस प्रशासन और कमिश्नरेट प्रणाली की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोहरे हत्याकांड के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा क्षेत्र में अवैध नशे और सट्टे के कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की मांग की।

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि, डीडी नगर थाना क्षेत्र सहित पूरे रायपुर शहर में पुलिस पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी एवं सख्त किया जाना चाहिए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि राजधानी में बढ़ते अपराध, अवैध नशे के कारोबार और सट्टेबाजी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। दोहरे हत्याकांड की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और जांच पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft