Monday ,August 24, 2026
होममनोरंजनकेरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया-2026, अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व...

केरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया-2026, अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

 Newsbaji  |  Aug 24, 2026 03:26 PM  | 
Last Updated : Aug 24, 2026 03:26 PM
केरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया-2026
केरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया-2026

जयपुर। केरल की 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) ने मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। जयपुर स्थित जी-स्टूडियो में रविवार देर रात आयोजित ग्रैंड फिनाले में देशभर से पहुंची प्रतिभागियों के बीच कड़े मुकाबले के बाद केजिया को विजेता घोषित किया गया। उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया-2025 मनिका विश्वकर्मा ने ताज पहनाया।

इस जीत के साथ केजिया लिज मेजो आगामी 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता में देशभर से चुनी गई प्रतिभागियों ने टैलेंट, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति का प्रदर्शन किया।

वैष्णवी गणेश फर्स्ट, अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप
मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 के फिनाले में शीर्ष पांच प्रतिभागियों में वैष्णवी गणेश, तेजस्विनी श्रीवास्तव, केजिया लिज मेजो, अनुश्री सातवलेकर और अनुभा वशिष्ठ शामिल रहीं। तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप और गुजरात की अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप रहीं। वहीं, केजिया लिज मेजो ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर विजेता का ताज हासिल किया।

भारत की विविधता को दुनिया तक पहुंचाने का संकल्प
खिताब जीतने के बाद केजिया लिज मेजो ने कहा कि यह ताज उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वह इस अवसर के माध्यम से भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना चाहती हैं।

लॉ की छात्रा हैं केजिया, मॉडलिंग और शास्त्रीय नृत्य में भी रुचि
केजिया लिज मेजो पढ़ाई के साथ मॉडलिंग और शास्त्रीय नृत्य से भी जुड़ी हुई हैं। वह फिलहाल बेंगलुरु में लॉ की पढ़ाई कर रही हैं और कोच्चि से भी उनका संबंध है। उनके माता-पिता के नाम मेजो अब्राहम और सुजा मेजो बताए गए हैं।

केजिया ने वर्ष 2026 में मिस यूनिवर्स केरल का खिताब भी जीता। इससे पहले वह मिस टीन इंटरनेशनल-2025 की फर्स्ट रनर-अप रह चुकी हैं। उन्होंने मिस टीन इंडिया का खिताब भी अपने नाम किया था और अंतरराष्ट्रीय टीन ब्यूटी पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास पर भी मुखर
केजिया सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। वह अपने फोटो और वीडियो के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर भी विचार साझा करती हैं। उनकी यह बहुआयामी पहचान उन्हें केवल ब्यूटी पेजेंट प्रतिभागी ही नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में भी सामने लाती है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft