रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। कीट विज्ञान (Entomology) के पेपर लीक के बाद अब प्लांट पैथोलॉजी (Plant Pathology) का प्रश्नपत्र भी लीक होने का खुलासा हुआ है। मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने दूसरी FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच के दौरान, पूछताछ में दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह बात सामने आई कि प्रोफेसर ने प्लांट पैथोलॉजी का प्रश्नपत्र छात्रों को उपलब्ध कराया था। आरोप है कि इसके बदले 10 हजार रुपए की रकम ली गई।
7 अगस्त को हुई थी प्लांट पैथोलॉजी की परीक्षा
प्लांट पैथोलॉजी की परीक्षा 7 अगस्त 2026 को आयोजित की गई थी। जांच के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस परीक्षा को भी निरस्त कर दिया है। इससे पहले 20 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा को भी पेपर लीक के चलते रद्द किया जा चुका है।
दोनों परीक्षाएं दोबारा होंगी
IGKV प्रबंधन ने निरस्त की गई दोनों परीक्षाओं को दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार एंटोमोलॉजी और प्लांट पैथोलॉजी के पेपर सितंबर के पहले सप्ताह में पुनः आयोजित किए जाएंगे। परीक्षा की निर्धारित तिथि और समय के संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।
अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार
पेपर लीक मामले में पुलिस अब तक प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया (38) के अलावा अजय नायक (20), त्रिदेव पटेल (22), नितिन पांडेय (22), अनुज मिंज (22) और आदित्य साहू (20) शामिल हैं।
कितने छात्रों तक पहुंचा पेपर? नेटवर्क की जांच जारी
दूसरी FIR दर्ज होने के बाद पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लीक हुआ प्रश्नपत्र कितने विद्यार्थियों तक पहुंचा, इसे आगे किस-किस ने साझा किया और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर प्रश्नपत्र लीक होने के पूरे घटनाक्रम और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft