रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अमर्यादित और अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

अपराध दर्ज
शिकायत के अनुसार, सागर निर्मलकर नामक इंस्टाग्राम ID से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। आरोप है कि उक्त पोस्ट पर @quail.3131469 नामक आईडी से मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों के खिलाफ अश्लील गालियों और आपत्तिजनक भाषा में कमेंट किए गए। शिकायत प्राप्त होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच और शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 353(2) और 356 के तहत अपराध दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट और अकाउंट की जांच
पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट करने वाली आईडी और उससे जुड़े अन्य डिजिटल तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के दौरान पोस्ट और कमेंट की सत्यता, अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अफसरों के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री को जांच का हिस्सा बनाया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft