Sunday ,August 23, 2026
होमछत्तीसगढ़रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन! मिठाई से लेकर होटल-किराना तक सघन जांच, बिलासपुर में पंजीयन निलंबित...

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन! मिठाई से लेकर होटल-किराना तक सघन जांच, बिलासपुर में पंजीयन निलंबित

 Newsbaji  |  Aug 23, 2026 07:13 PM  | 
Last Updated : Aug 23, 2026 07:13 PM
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का सघन जांच अभियान
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का सघन जांच अभियान

रायपुर। जनस्वास्थ्य एवं सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच कर रहा है। अभियान के दौरान किराना दुकानों, होटल, ढाबा, मिठाई, डेयरी एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।

अभियान के दौरान बिलासपुर जिले में प्रबल फूड प्रोडक्ट के निरीक्षण में खाद्य पदार्थों का निर्माण अनहाइजेनिक परिस्थितियों में किया जाना पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निर्माण कार्य बंद कराया गया। साथ ही खाद्य पदार्थ का नमूना जांच के लिए लिया गया है।

कई जिलों में खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित
बालोद जिले में किराना दुकानों एवं होटल आदि से दाल, चावल, चना और मिठाइयों के कुल 08 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं बेमेतरा में खोवा, मथुरा पेड़ा, नमकीन सेव और सोनपापड़ी सहित 05 नमूने संकलित किए गए। MCB जिले में बेसन लड्डू, गुलाब जामुन, मिल्क केक एवं शिकायत के आधार पर शक्कर के कुल 04 नमूने लिए गए।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में किराना प्रतिष्ठानों से मैदा, सरसों तेल, सोया बड़ी, बेसन, चीनी, बिस्किट, पोहा, मिर्च पाउडर, सोयाबीन तेल एवं अरहर दाल सहित 10 सर्विलांस नमूने संकलित किए गए।

जांजगीर-चांपा में मिठाई, कन्फेक्शनरी एवं राइस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से 03 विधिक नमूने लिए गए। कोरबा में देवभोग मिल्क प्रोडक्ट से पनीर एवं दही तथा अन्य प्रतिष्ठान से देशी घी एवं नमकीन के विधिक नमूने संकलित किए गए।

रायगढ़ में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट
रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। जांच के दौरान मिले एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर पंडित होटल का निरीक्षण किया गया, जहां से शाही पनीर एवं कुक्ड राइस के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के साथ तीन प्रतिष्ठानों का हाइजीन रेटिंग के लिए प्राथमिक निरीक्षण किया गया। वहीं सरगुजा में मिठाई निर्माण एवं होटल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खोवा का विधिक तथा अन्य खाद्य पदार्थ का सर्विलांस नमूना लिया गया।

खाद्य कारोबारियों को दिए गए सख्त निर्देश
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को अखाद्य एवं प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग नहीं करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा खाद्य पदार्थ परोसने के लिए अखबारी कागज अथवा स्याही लगे कागज का उपयोग नहीं करने तथा खाद्य पंजीयन को अद्यतन रखने और उसे प्रतिष्ठान के परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। कबीरधाम, बलरामपुर सहित अन्य जिलों में भी होटल, स्वीट्स शॉप, किराना एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अभियान के तहत संकलित खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन को लेकर मिठाई और दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी
आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

विभाग ने खाद्य कारोबारकर्ताओं से सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय करने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों से खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग एवं लेबल पर अंकित आवश्यक जानकारी की जांच करने की अपील की गई है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft