भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में सेक्टर-5 निवासी एक महिला ने जबलपुर के रहने वाले पवन बधौलिया पर पूजा-पाठ, ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश और नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-5 निवासी संगीता कश्यप नवंबर 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी के संपर्क में आई थीं। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी घरेलू परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने परिवार पर ग्रह दोष और दैवीय शक्तियों के साये की बात कहकर उन्हें अपने प्रभाव में लेना शुरू किया।
पूजा पाठ के नाम पर ठगी
महिला का आरोप है कि, आरोपी ने पूजा-पाठ के नाम पर उनसे लाखों रुपए लिए। इसके बाद उसने महिला और उनके बेटे को ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफे का लालच दिया। आरोपी समय-समय पर खुद को आर्थिक संकट में बताकर अलग-अलग बहानों से पैसे मांगता रहा।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उनके पति के साथ दुर्घटना होने की आशंका जताकर 1.50 लाख रुपए भी लिए। कुछ समय बाद पति का एक्सीडेंट होने पर महिला ने इस मामले में आरोपी की भूमिका होने की आशंका व्यक्त की है।
आरोप है कि, जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने संविदा नौकरी दिलाने का झांसा दिया और कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र व भर्ती संबंधी दस्तावेज भेजे। अगस्त 2025 में खुद को पुलिस हिरासत में बताकर उसने फिर 5 लाख रुपए लिए। बाद में पैसे मांगने पर आरोपी और उसके साथियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
फिलहाल भिलाई नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पति के एक्सीडेंट में आरोपी की संलिप्तता संबंधी आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft