Wednesday ,June 24, 2026
होमछत्तीसगढ़रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर साध्वी के गंभीर आरोप, SSP से शिकायत के बाद जांच शुरू...

रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर साध्वी के गंभीर आरोप, SSP से शिकायत के बाद जांच शुरू

 Newsbaji  |  Jun 24, 2026 09:30 AM  | 
Last Updated : Jun 24, 2026 09:33 AM
रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर साध्वी के गंभीर आरोप, पुलिस जांच शुरू
रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर साध्वी के गंभीर आरोप, पुलिस जांच शुरू

बिलासपुर। जिले के रतनपुर क्षेत्र के चपोरा स्थित आश्रम में रहने वाली साध्वी पद्मिनी पुरी ने रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप पर गंभीर आरोप लगाते हुए SSP कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गंभीर आरोप

साध्वी पद्मिनी पुरी ने अपनी शिकायत में कहा है कि, वह पिछले 10 वर्षों से आश्रम में रहकर धार्मिक जीवन व्यतीत कर रही हैं। उन्होंने दावा किया है कि, उज्जैन में नागा संन्यास परंपरा के तहत उनका विधिवत संस्कार हुआ है और वह संत समाज से जुड़ी हुई हैं।

शिकायत में साध्वी ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका अध्यक्ष लंबे समय से उन पर गलत नजर रखते हैं और कई बार अनुचित व्यवहार करने का प्रयास किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि, उन्हें गाड़ी में बैठने के लिए कहा जाता था और लगातार परेशान किया जाता रहा। इसके अलावा साध्वी ने जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

शिकायत में कुछ लोगों को कथित तौर पर अवैध गतिविधियों से संरक्षण देने के आरोप भी लगाए गए हैं। साध्वी का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सीधे SSP कार्यालय में शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

आरोप निराधार- अध्यक्ष
वहीं, रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि, एक संत के समाधि कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बनी थी। उन्होंने कहा कि संबंधित साध्वी अलग संप्रदाय से जुड़ी होने के बावजूद कार्यक्रम में शामिल हुई थीं और संत की गद्दी को लेकर हंगामा हुआ था।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि, उस दौरान वह मौके पर मौजूद नहीं थे और उनका साध्वी से कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच और कार्यक्रम में मौजूद संतों तथा साधुओं के बयान से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft