Wednesday ,June 24, 2026
होमछत्तीसगढ़बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार, बारिश और गरज-चमक का उठाया फायदा...

बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार, बारिश और गरज-चमक का उठाया फायदा

 Newsbaji  |  Jun 24, 2026 07:53 AM  | 
Last Updated : Jun 24, 2026 07:53 AM
अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार
अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार

अंबिकापुर। जिले के बिशुनपुर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार देर शाम 11 अपचारी बालक फरार हो गए। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अपचारी बालकों ने कमरे की खिड़की उखाड़ दी और पीछे की दीवार फांदकर फरार होने में सफल रहे। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस प्रशासन हैरान है।

खिड़की तोड़कर फरार
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 7:30 बजे की है। भोजन के बाद सभी बच्चे अपने-अपने कमरों में चले गए थे, जबकि कुछ बच्चे टीवी देख रहे थे। इसी दौरान कुछ अपचारी बालकों ने कमरे की खिड़की उखाड़ दी। तेज बारिश और बादलों की आवाज के कारण मेन गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। खिड़की तोड़ने के बाद सभी 11 बालक संप्रेक्षण गृह के पीछे की दीवार फांदकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और संप्रेक्षण गृह के कर्मचारी उनकी तलाश में जुट गए।

अलग-अलग जिले के थे बालक
बताया जा रहा है कि फरार अपचारी बालक सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के रहने वाले हैं। इनमें हत्या, चोरी और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में शामिल किशोर भी बताए जा रहे हैं। इनकी उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच है। पुलिस बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रख रही है।

सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल 
घटना के बाद एक बार फिर बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले भी यहां से अपचारी बालकों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। परिसर की सुरक्षा, दीवारों की ऊंचाई और निगरानी व्यवस्था को लेकर पहले भी कई बार चिंताएं जताई गई हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस  
बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन ने आशंका जताई है कि, पूरे घटनाक्रम में अंबिकापुर का एक आदतन अपचारी बालक शामिल हो सकता है, जो पहले भी कई बार संप्रेक्षण गृह में रह चुका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बच्चों के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft