Tuesday ,June 23, 2026
होमजुर्मबिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या, साथी बंदी ने स्लैब से किया हमला...

बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या, साथी बंदी ने स्लैब से किया हमला

 Newsbaji  |  Jun 23, 2026 04:19 PM  | 
Last Updated : Jun 23, 2026 04:19 PM
बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या से मचा हड़कंप
बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या से मचा हड़कंप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक सजायाफ्ता कैदी ने अपने ही साथी कैदी की पत्थरनुमा स्लैब से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नीलू जगत (27), पिता देवलाल, निवासी ग्राम दमनपुर, कोटा जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। वह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में 3 नवंबर 2024 से जेल में बंद था। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के मुताबिक घटना ई-1 बैरक में हुई, जहां मानसिक रूप से असामान्य और मनोचिकित्सकीय उपचार प्राप्त कर रहे कैदियों को रखा जाता है।

बताया गया कि, घटना के समय नीलू बैरक में सो रहा था और कुछ अन्य कैदी लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान आरोपी राजेश राय (40), निवासी ग्राम चमारी, जिला मुंगेली ने नाली को ढकने वाले स्लैब को तोड़कर उसके टुकड़े से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इलाज के दौरान मौत
घटना के समय बैरक में 250 से अधिक कैदी मौजूद थे। हमला होते ही वहां हड़कंप मच गया। जेल कर्मचारियों और अन्य कैदियों ने आरोपी को पकड़ लिया। गंभीर रूप से घायल नीलू को तत्काल सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी राजेश राय तीन हत्या और दो हत्या के प्रयास के मामलों में दोषसिद्ध है और वर्ष 2008 से जेल में बंद है। जेल प्रशासन के अनुसार वह डिप्रेशन से पीड़ित है और उसका मनोचिकित्सकीय इलाज चल रहा था।

इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। विशेष रूप से यह जांच का विषय बन गया है कि नाली का भारी स्लैब कैदियों की पहुंच में कैसे था और जेल के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft