सूरजपुर। जिले के पर्री गांव के सरना पारा में दिनदहाड़े एक महिला के अपहरण और 22 लाख रुपए की फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। घटना के करीब 12 घंटे बाद आरोपित महिला को घायल अवस्था में उसके घर से लगभग डेढ़ किमी दूर छोड़कर फरार हो गए। महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
यह घटना 29 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 3:00 बजे की है। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पति पेत्रुस कुजूर की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में अकेली थी महिला, लौटे तो मिला खौफनाक मंजर
सेवानिवृत्त SECL कर्मचारी पेत्रुस कुजूर ने बताया कि, घटना के दिन वे अपनी दुर्घटनाग्रस्त कार की मरम्मत कराने अंबिकापुर गए थे। घर पर उनकी पत्नी ललिता कुजूर अकेली थीं। जब वे दोपहर करीब 3:30 बजे लौटे तो पत्नी घर में नहीं मिलीं। घर का सामान बिखरा हुआ था, टूटी चूड़ियां और खून के निशान देखकर उनके होश उड़ गए। इसी बीच उनकी पत्नी के मोबाइल से कॉल आया, जिसमें बदमाशों ने 22 लाख रुपए की फिरौती मांगी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
12 घंटे बाद छोड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर सर्चिंग अभियान शुरू किया। CCTV फुटेज खंगाले गए, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पुलिस की बढ़ती दबिश के बीच आरोपियों ने करीब 12 घंटे बाद महिला को बायपास के पास छोड़ दिया और फरार हो गए। घायल और सदमे में महिला किसी तरह पास के एक घर तक पहुंची, जहां से उसने अपने पति को सूचना दी। पुलिस की सलाह पर उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बेलन-पीढ़ा से हमला, जबरन बाइक पर बैठाया
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार नकाबपोश बदमाश दोपहर करीब 1:30 बजे घर पहुंचे। उन्होंने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की, बेलन-पीढ़ा से हमला किया और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए।
बड़ा सवाल है कि, घटना के 4 दिन बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग, 9 लोगों की मौत, कई घायल
धर्मांतरण पर सख्त रोक की जरूरत, कानून हो रहे असरदार: वीएचपी प्रमुख आलोक कुमार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft