Tuesday ,August 18, 2026
होमजुर्ममाता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या, शव बोरियों में भरकर ठिकाने लगाने की थी तैयारी; भाई को देखते ही फरार हुआ आरोपी...

माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या, शव बोरियों में भरकर ठिकाने लगाने की थी तैयारी; भाई को देखते ही फरार हुआ आरोपी

 Newsbaji  |  Aug 18, 2026 07:54 AM  | 
Last Updated : Aug 18, 2026 07:54 AM
सपड़ा गांव में माता-पिता की हत्या के बाद जांच करती धौरपुर थाना पुलिस
सपड़ा गांव में माता-पिता की हत्या के बाद जांच करती धौरपुर थाना पुलिस

सरगुजा। धौरपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात से सनसनी फैल गई। एक युवक ने कथित रूप से अपने ही माता-पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी दोनों शवों को बोरियों में भरकर ठिकाने लगाने की तैयारी में था। इसी दौरान मृतक दंपति का दूसरा बेटा मौके पर पहुंच गया। भाई को देखते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।

घटनास्थल पर ही मौत
मृतकों की पहचान हीराधार यादव और गुलाबी यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक ने किसी बात को लेकर अपने माता-पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

शवों को बोरियों में भरकर ठिकाने लगाने की तैयारी
बताया जा रहा है कि, वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को बोरियों में पैक कर दिया था। वह शवों को किसी स्थान पर ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी में था। इसी दौरान दंपति का दूसरा बेटा वहां पहुंच गया। उसे देखते ही आरोपी मौके से भाग निकला। इसके बाद दूसरे बेटे ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद किया।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी फरार
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

फिलहाल माता-पिता की हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार में हुई इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही सपड़ा गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft