Tuesday ,August 11, 2026
होमजुर्मसिंगरौली में प्रधान आरक्षक की मौत से हड़कंप, कथित सुसाइड नोट में ट्रांसफर न होने की पीड़ा का जिक्र...

सिंगरौली में प्रधान आरक्षक की मौत से हड़कंप, कथित सुसाइड नोट में ट्रांसफर न होने की पीड़ा का जिक्र

 Newsbaji  |  Aug 11, 2026 09:57 AM  | 
Last Updated : Aug 11, 2026 09:57 AM
प्रधान आरक्षक राकेश गंगले की मौत, कथित सुसाइड नोट में ट्रांसफर का जिक्र
प्रधान आरक्षक राकेश गंगले की मौत, कथित सुसाइड नोट में ट्रांसफर का जिक्र

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से पुलिस विभाग को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। स्पेशल ब्रांच में पदस्थ प्रधान आरक्षक राकेश गंगले की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। इसमें लंबे समय से गृह जिले में स्थानांतरण नहीं होने और परिवार से दूर रहने की पीड़ा का उल्लेख होने का दावा किया जा रहा है।

कई बार ट्रांसफर के लिए आवेदन देने का जिक्र
कथित सुसाइड नोट में राकेश गंगले ने स्थानांतरण के लिए कई बार आवेदन किए जाने की बात लिखी है। नोट में परिवार से दूर रहने के कारण होने वाली परेशानी का भी उल्लेख बताया जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आ रही है कि, कथित नोट में उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की अपील की है। हालांकि, सुसाइड नोट में लिखी बातों की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच का विषय है।

पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कथित सुसाइड नोट की जांच सहित घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना ने पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण, लंबे समय तक परिवार से दूर रहने और ड्यूटी से जुड़ी मानसिक एवं पारिवारिक परेशानियों जैसे मुद्दों को भी सामने ला दिया है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft