दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बीटकॉईन निवेश के नाम पर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का लालच देकर महिला से लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने निवेश के नाम पर महिला से 7 लाख 50 हजार रुपए नगद और UPI माध्यम से हाशिल किए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक नगर मिनी स्टेडियम के पास निवासी देवकी सोनकर ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी कि पीलादास मानिकपुरी नामक व्यक्ति ने उन्हें बीटकॉईन में निवेश करने पर मोटा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए कुछ रकम वापस भी की, लेकिन बाद में शेष राशि लौटाने से बचने लगा और संपर्क बंद कर दिया।
रायपुर से हुआ गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी पीलादास मानिकपुरी (48 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा, रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त विवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपए बताई जा रही है, जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft