रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 1.13 करोड़ रुपए की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। ट्रेडिंग व्यवसाय से जुड़े एक कारोबारी ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र के कुछ लोगों ने 45 करोड़ रुपए के नकली नोट उपलब्ध कराने का झांसा देकर उससे 1.13 करोड़ रुपए ठग लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि कथित तौर पर कारोबारी को नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित कारोबारी उमेश गुप्ता ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी लंबे समय से कारोबारी के संपर्क में थे और लेन-देन के जरिए उनका विश्वास जीत चुके थे। इसके बाद उन्होंने खुद को बड़े नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए भारी मात्रा में कथित नकली नोट उपलब्ध कराने का दावा किया।
इस कथित सौदे को अंतिम रूप देने के लिए तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अलग-अलग होटलों में कई दौर की बैठकें हुईं। आरोप है कि भरोसा दिलाने के बाद कारोबारी से 1.13 करोड़ रुपए ले लिए गए। शिकायत के मुताबिक, रकम का कुछ हिस्सा रायपुर और शेष नागपुर में ट्रांसफर किया गया। इसके बाद आरोपी लगातार डिलीवरी, सुरक्षा व्यवस्था और खेप आने जैसे बहाने बनाकर कारोबारी को टालते रहे।
जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी दी और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
बिलासपुर में13 थाना प्रभारियों का तबादला, SSP रजनेश सिंह ने जारी किया आदेश
MPPSC ADPO भर्ती: आवेदन का आखिरी मौका, अब 25 हजार रुपए पेनल्टी देकर कर सकेंगे अप्लाई
साय कैबिनेट बैठक, बाढ़, खाद आपूर्ति और विकास योजनाओं पर होगी अहम चर्चा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft