बिलासपुर। रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 1.5 लाख रुपए की ठगी करने और पैसे वापस मांगने पर झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने जांच के बाद मृतक के मामा और मामी को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानिए क्या था मामला
मस्तूरी SDOP डी.आर. धृतलहरे ने बताया कि, मामला थाना मस्तूरी के मर्ग से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि हिर्री निवासी राहुल साहू (22) ने रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने के नाम पर अपने मामा इंद्र कुमार उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव को 1.5 लाख रुपए दिए थे। पुलिस के मुताबिक, नौकरी नहीं लगने पर राहुल ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इस पर मामा-मामी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसके साथ विवाद करने लगे। इतना ही नहीं, उन्होंने बार-बार पैसे मांगने पर उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि, लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर राहुल ने जहर का सेवन कर खुदकुशी कर ली। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
खड़गवां में आकाशीय बिजली का कहर, धान रोपाई कर रहे दो ग्रामीण समेत तीन की मौत, 5 घायल
भाजपा में बड़ा बवाल, सैकड़ो नेताओं-कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा, संगठन में मचा हड़कंप
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft