कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आदिम जाति कल्याण विभाग के अधीन संचालित मरदापोटी बालक आवासीय आश्रम में मलेरिया से एक और छात्र की मौत हो गई। 10 दिनों के भीतर यह दूसरी मौत है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और आश्रमों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्र की 24 जुलाई को हुई जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उसे मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे पहले 22 जुलाई को स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई जांच में उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।
विभाग की बड़ी लापरवाही
आदिम जाति कल्याण विभाग की अधिकारी जया मानिकपुरी ने बताया कि, 22 जुलाई को आश्रम के सभी बच्चों की मलेरिया जांच कराई गई थी। उस समय कुछ बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, लेकिन मृतक छात्र संक्रमित नहीं था। 24 जुलाई को तबीयत बिगड़ने पर दोबारा जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई की सुबह परिजन बच्चे को घर ले गए थे, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
11 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव
फिलहाल आश्रम के दो अन्य छात्र भी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं जिले के दूसरे छात्रावास में रहने वाले 11 बच्चों की मलेरिया रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
CMHO डॉ. आर.सी. ठाकुर ने बताया कि, 22 जुलाई तक किसी भी बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं थी, लेकिन 24 जुलाई के बाद अचानक मलेरिया के मामले सामने आने लगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार आश्रमों और छात्रावासों में जांच, दवा वितरण और निगरानी कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे और फॉगिंग का कार्य भी जारी है।
वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला उत्तर बस्तर कांकेर का कहना है कि, सभी आश्रम-छात्रावासों की सतत निगरानी की जा रही है और मलेरिया को पूरी तरह नियंत्रित करने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और अपने आसपास पानी जमा न होने दें।
छग पुलिस की कार्रवाई, 1000 अल्प्राजोलम टैबलेट, कार और एक लाख नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
खारून नदी में डूबे युवक का शव 16 घंटे बाद SDRF ने किया बरामद, 12 दोस्त गए थे पिकनिक मनाने
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft