रायगढ़। नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही करीब 300 किलो गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, दो लग्जरी कारों और मोबाइल फोन समेत करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कटकलिया मार्ग में घेराबंदी कर एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी XL-6 को रोका। जांच के दौरान इनोवा में दोहरी नंबर प्लेट मिलने से पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद दोनों वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों से कुल 300 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी XL-6 तथा दो आईफोन सहित पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपए आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा की खेप को मध्यप्रदेश के अनूपपुर तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चेन की तलाश में जुटी हुई है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अंतर्राज्यीय तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
रायगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई जिले में नशे के कारोबार पर अब तक की बड़ी चोट मानी जा रही है, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft