रायगढ़। फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले पंचायत सचिव को पुसौर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने जमीन अपने नाम की बताकर सौदा किया और अग्रिम राशि लेने के बाद लंबे समय तक पीड़ित को गुमराह करता रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लिंजिर निवासी इंद्रजीत वर्मा ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान ग्राम बघनपुर निवासी भीचरण पटेल से बचपन से है। भीचरण पटेल, जो पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत है, ग्राम कोडातराई स्थित अपनी बताई गई भूमि बेचने की बात कही थी।
शिकायतकर्ता को भूमि पसंद आने पर दोनों के बीच 16 सितंबर 2022 को 35 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। इस दौरान इंद्रजीत वर्मा ने आरोपी को 27 लाख रुपए अग्रिम दिए और 100 रुपए के स्टाम्प पर लिखापढ़ी भी की गई।
फर्जी दस्तावेज दिखाकर करता रहा गुमराह
आरोप है कि, भीचरण पटेल ने किसान किताब और अन्य दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया कि नामांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही भूमि की रजिस्ट्री कर दी जाएगी। लंबे समय तक वह विभिन्न बहाने बनाकर शिकायतकर्ता को टालता रहा। बाद में जब इंद्रजीत वर्मा ने तहसील कार्यालय में जानकारी ली तो पता चला कि संबंधित भूमि के संबंध में आरोपी के नाम से कोई राजस्व प्रकरण लंबित नहीं है और भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी से अपनी राशि वापस मांगी।
दिए गए सभी चेक हुए बाउंस
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के दबाव बनाने पर आरोपी ने 5 लाख रुपए का एक चेक और 11-11 लाख रुपए के दो चेक दिए तथा शिकायत नहीं करने का अनुरोध किया। लेकिन बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर तीनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद भी आरोपी रकम लौटाने का आश्वासन देता रहा। शिकायतकर्ता के मुताबिक जनवरी 2025 में आरोपी ने केवल 1 लाख रुपए वापस किए, जबकि शेष राशि नहीं लौटाई।
आवेदन की जांच के बाद थाना पुसौर में अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान शिकायत के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी भीचरण पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft