जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर स्थित नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को पिस्टल की नोक पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ओडिशा में दर्ज कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था और भागकर बस्तर पहुंचा था।
शराब दुकान के पास घेराबंदी कर दबोचा
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस को टुन्ना महाजन के जगदलपुर में मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर ओडिशा पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में जगदलपुर के नए बस स्टैंड पहुंची। यहां शराब दुकान के पास आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिसकर्मियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने आरोपी को काबू में लेकर अपने साथ ले गई।
पिस्टल तानकर दी गोली मारने की चेतावनी
इस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने आरोपी के सिर के पास पिस्टल तान रखी है। वीडियो में पुलिसकर्मी की आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें वह कथित तौर पर कहता है- “ज्यादा हुआ तो गोली मार देंगे।” वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
ओडिशा पुलिस पर फायरिंग का भी आरोप
ओडिशा पुलिस के अनुसार, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का आरोप है कि उसने बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग भी की थी। इसी मामले में ओडिशा पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस को उसके बस्तर में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने जगदलपुर पहुंचकर कार्रवाई की।
बस्तर की मंदिर चोरियों से भी जुड़े तार
पुलिस के मुताबिक, टुन्ना महाजन के तार बस्तर में हुई कुछ चोरी की वारदातों से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इनमें गिरोला मंदिर सहित अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं। अब ओडिशा पुलिस इन घटनाओं में आरोपी की कथित भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि, इन मामलों में उसकी भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद
ओडिशा पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किया गया है। बरामद सामान को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद ओडिशा पुलिस टुन्ना महाजन को अपने साथ ले गई है। अब ओडिशा में दर्ज आपराधिक मामलों के साथ-साथ बस्तर में हुई चोरी की घटनाओं में उसकी कथित भूमिका की भी जांच की जाएगी।
बाइक में अचानक लगी भीषण आग, अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
रायपुर-दुर्ग सेक्शन में 12 सितंबर तक कई MEMU ट्रेनों के ठहराव रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले से जुड़ा विवाद, टोल कर्मचारी से मारपीट का वीडियो वायरल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft